MP Police Transfer 2026 : मध्यप्रदेश पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 39 पुलिसकर्मियों के तबादले…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

पुलिस मुख्यालय भोपाल ने जारी की सूची, कई जिलों, नगरीय पुलिस, रेल पुलिस और पीटीएस में नई पदस्थापना

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय ने राज्य पुलिस बल में प्रशासनिक कसावट एवं कार्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर तबादला आदेश जारी किए हैं। विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) द्वारा जारी आदेश के अनुसार पुलिस स्थापना बोर्ड की अनुशंसा के बाद 39 पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण किया गया है। आदेश 30 जुलाई 2026 को जारी हुआ।

 

स्थानांतरण सूची में प्रधान आरक्षक, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक एवं आरक्षकों को उनके स्वयं के व्यय पर आगामी आदेश तक नई पदस्थापना पर भेजा गया है। इनमें भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, रीवा, राजगढ़, मंडला, छिंदवाड़ा, सतना, सागर, रायसेन, शिवपुरी, विदिशा, खरगोन, बालाघाट, टीकमगढ़, सिंगरौली, उज्जैन, खंडवा, नीमच, दतिया, नरसिंहपुर सहित कई जिलों और नगरीय पुलिस, रेल पुलिस एवं पीटीएस इकाइयों में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।

 

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सूची के क्रमांक 18 एवं 21 पर अंकित कर्मचारियों का सेवाकाल पांच वर्ष पूर्ण नहीं होने के कारण उन्हें वरिष्ठता त्यागने की शर्त पर स्थानांतरित किया गया है। ऐसे कर्मचारियों की वरिष्ठता नई पदस्थापना इकाई में कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से निर्धारित की जाएगी।

 

पुलिस मुख्यालय ने सभी संबंधित इकाइयों को शासन की स्थानांतरण नीति के अनुसार निर्धारित समयावधि में कर्मचारियों को कार्यमुक्त कर नई पदस्थापना पर भेजने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि यदि कोई कर्मचारी निलंबित है, गृह जिले में पदस्थ है, पांच वर्ष की सेवा पूर्ण नहीं हुई है अथवा मूलभूत प्रशिक्षण पूरा नहीं किया है, तो उसे कार्यमुक्त किए बिना पुलिस मुख्यालय को सूचित किया जाए। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी इस आदेश की प्रतिलिपि प्रदेश के सभी पुलिस महानिरीक्षकों, पुलिस आयुक्तों, पुलिस अधीक्षकों तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *