— देशभक्ति और जनसेवा के सूत्रवाक्य को पुलिसकर्मियों ने किया सार्थक – डीजीपी
भोपाल। पुलिस ऑफिसर्स मेस, भोपाल में डायरेक्टर जनरल्स कमेंडेशन रोल (DGCR) अवॉर्ड सेरेमनी का आयोजन किया गया, जिसमें मई 2024 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 56 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को डीजीसीआर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाणा ने कहा कि कर्तव्य पथ पर उत्कृष्ट कार्य कर पुलिसकर्मियों ने देशभक्ति और जनसेवा के सूत्रवाक्य को सार्थक किया है। समारोह का उद्देश्य प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जनसेवा के प्रति समर्पण और असाधारण कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करना रहा। इस दौरान डीजीपी ने पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति-पत्र एवं डिस्क प्रदान कर सम्मानित किया।

डीजीपी मकवाणा ने कहा कि प्रदेश की पुलिस अपने कर्तव्यनिष्ठा, त्याग और लगनशीलता के लिए जानी जाती है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस ने अपनी स्थापना से अब तक कानून-व्यवस्था, शांति, आपसी प्रेम और भाईचारे की परंपराओं को बनाए रखने में अविस्मरणीय योगदान दिया है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से इसी उत्साह और निष्ठा के साथ आगे भी कार्य करने का आह्वान किया।





