भोपाल। आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश पुलिस ने ऑनलाइन e-FIR सेवा की शुरुआत की है। इस सेवा के माध्यम से लोग घर बैठे इंटरनेट के जरिए कुछ विशेष प्रकार की घटनाओं की रिपोर्ट स्वयं दर्ज कर सकेंगे। पुलिस का मानना है कि इससे लोगों को थाने के चक्कर लगाने की परेशानी से राहत मिलेगी और समय की बचत भी होगी।
e-FIR सेवा के जरिए साधारण चोरी, वाहन चोरी, ऑनलाइन या साइबर माध्यम से रुपए की धोखाधड़ी, महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराध सहित अन्य प्रकार के अपराधों की रिपोर्ट दर्ज कराई जा सकती है। नागरिक इस सेवा का लाभ मध्यप्रदेश पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट citizen.mppolice.gov.in पर जाकर उठा सकते हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह सुविधा अपराध दर्ज कराने की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाएगी तथा पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने में मदद करेगी।


