Mp News : कैबिनेट बैठक में दिखेगी सादगी की मिसाल, CM मोहन यादव और मंत्री छोड़ेंगे सरकारी काफिला, इलेक्ट्रिक बस से पहुंचेंगे बैठक स्थल…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

ईंधन और शासकीय संसाधनों की बचत के लिए अनूठी पहल, वरिष्ठ अधिकारी भी सामूहिक रूप से ई-बस से करेंगे सफर

 

भोपाल। मध्यप्रदेश में सुशासन, सादगी और शासकीय संसाधनों के मितव्ययी उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक नई पहल की है। आज आयोजित होने वाली मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) बैठक के लिए मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्री अपने शासकीय वाहन, सुरक्षा काफिले, पायलट और फॉलो वाहनों का उपयोग नहीं करेंगे। इसके बजाय सभी मंत्री सामूहिक रूप से इलेक्ट्रिक बसों के माध्यम से बैठक स्थल जगदीशपुर पहुंचेंगे।

 

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, सभी मंत्री एवं उनका स्टाफ सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री निवास (सीएम हाउस) पहुंचेंगे। यहां से तीन इलेक्ट्रिक बसों में सवार होकर सभी लोग एक साथ कैबिनेट बैठक स्थल के लिए रवाना होंगे। इस दौरान मंत्रियों के व्यक्तिगत सरकारी वाहन, पायलट और फॉलो वाहन सीएम हाउस में ही रहेंगे।

 

इसी व्यवस्था के तहत कैबिनेट बैठक में शामिल होने वाले वरिष्ठ अधिकारी भी अपने वाहनों को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में खड़ा करेंगे और सुबह 10 बजे वहां से इलेक्ट्रिक बस द्वारा सामूहिक रूप से बैठक स्थल के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

राज्य सरकार का मानना है कि इस पहल से ईंधन की बचत, सरकारी खर्च में कमी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही यह संदेश भी जाएगा कि शासन जनता के धन का विवेकपूर्ण और जिम्मेदार उपयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की यह पहल शासन-प्रशासन में सादगी, मितव्ययिता और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *