मध्यप्रदेश के रीवा कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिले की ग्राम पंचायतों में ग्रामीण विकास के कार्यों को प्राथमिकता से कराए जाने के निर्देश दिए हैं उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले इसके लिए जिला पंचायत स्तर से लगातार मॉनीटरिंग की जानी चाहिए। कलेक्टर ने समीक्षा बैठक के दौरान बताया कि जिन पंचायतों में पर्याप्त राशि उपलब्ध होने के बाद भी विकास कार्य नहीं कराए जा रहे हैं उनके सचिवों को निलंबित किया जा रहा है।
कलेक्टर ने सिरमौर जनपद पंचायत की दुलहरा ग्राम पंचायत के सचिव मदेनी प्रसाद कोल राजगढ़ ग्राम पंचायत के सचिव आदर्श पांडेय रीवा जनपद पंचायत की अमिरती ग्राम पंचायत के सचिव अनिल चौरसिया गंगेव जनपद पंचायत की क्योटी ग्राम पंचायत के सचिव कुवेर सिंह जवा जनपद पंचायत की छदहना ग्राम पंचायत के सचिव छेदीलाल विश्वकर्मा और रायपुर कर्चुलियान जनपद पंचायत की नवागांव ग्राम पंचायत के सचिव देवेंद्र बहादुर सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कहा कि अन्य ऐसी पंचायतें जहां राशि उपलब्ध होने के बावजूद कार्य नहीं किए जा रहे हैं। वहां के सचिवों और यदि आवश्यक हो तो सरपंचों पर भी दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में सरपंच यदि विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करते हैं तो उनके विरुद्ध भी प्रस्ताव तैयार किया जाए।
कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित जिला पंचायत अधिकारियों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी अपने कार्यों का निष्पादन निष्ठा और तत्परता से करें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी उन्होंने निर्देश दिए कि डीएमएफ और अन्य योजनाओं के पूर्ण कार्यों के प्रमाणपत्र जारी कराएं और जो कार्य प्रारंभ नहीं हुए हैं उन्हें तुरंत शुरू किया जाए।
कलेक्टर ने मनरेगा परियोजना अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनपद स्तर पर आयोजित बैठकों में उपस्थित रहकर कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करें साथ ही मध्यान्ह भोजन वितरण विद्यालयों में मीनू के अनुसार हो इसकी गुणवत्ता की जांच जिला पंचायत स्तर से की जाए उन्होंने समूहों को सही ढंग से कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि जो समूह निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरते उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाए।
कलेक्टर ने पंचायतों में शिकायतों की जांच समय पर करने और गत छह माह में हुए निर्णयों पर वसूली की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए आरईएस कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने सीईओ जिला पंचायत को निर्देशित किया कि वे कार्यों का निरीक्षण करें पूर्ण कार्यों की सीसी जारी कराएं और अप्रारंभ कार्यों को लेआउट देकर तुरंत प्रारंभ कराएं। बैठक में सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस आशीष दुबे तथा जिला पंचायत के अधिकारी उपस्थित रहे।





