भोपाल: मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPPSC) ने गुरुवार को माध्यमिक शिक्षक एवं प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा-2024 का परिणाम घोषित कर दिया। यह परीक्षा मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग के तहत कुल 9,882 पदों पर शिक्षकों की सीधी भर्ती के लिए आयोजित की गई थी। अभ्यर्थी अपना परिणाम ई.एस.बी की वेबसाइट http://www.esb.mp.gov.in से डाउनलोड या मुद्रित कर सकते हैं।
परीक्षा का आयोजन 20 अप्रैल 2025 से 29 अप्रैल 2025 तक मध्यप्रदेश के 11 प्रमुख शहरों—भोपाल, इंदौर, जबलपुर, खंडवा, नीमच, रतलाम, रीवा, सागर, सतना, सीधी और उज्जैन में किया गया था। परीक्षा विभिन्न विषयों में आयोजित की गई, जिनमें हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, खेल, संगीत (गायन-वादन) और नृत्य शामिल थे।
कुल 1,85,065 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 1,60,360 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी है और चयन प्रक्रिया के अगले चरणों के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है।




