भोपाल। प्रदेश के शासकीय स्कूलों में कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार, 19 सितंबर को ई-स्कूटी की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत राज्य स्तरीय वितरण कार्यक्रम भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर में सुबह 9 बजे आयोजित किया जाएगा।
शिक्षण सत्र 2025-26 के लिए प्रदेश के 7400 से अधिक पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ दिया जाएगा। सरकार के अनुसार, योजना का उद्देश्य शासकीय स्कूलों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना और उच्च शिक्षा के दौरान कॉलेज आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का लाभ स्कूल शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों में नियमित रूप से अध्ययनरत विद्यार्थियों को दिया जाता है। पात्रता के लिए विद्यार्थी का कक्षा 12वीं में प्रथम प्रयास में कम से कम 70 प्रतिशत अंक के साथ अपने स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त करना जरूरी है। योजना में सभी संकायों के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है।
योजना के तहत मोटराइज्ड स्कूटी के लिए अधिकतम 90 हजार रुपये और ई-स्कूटी के लिए अधिकतम 1.20 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाती है। सरकार के मुताबिक, अब तक इस योजना से प्रदेश के 23 हजार से अधिक पात्र विद्यार्थी लाभान्वित हो चुके हैं और योजना के संचालन पर करीब 246 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के माध्यम से विद्यार्थियों की मेहनत और शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रोत्साहन मिल रहा है। साथ ही, उच्च शिक्षा की ओर बढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने में भी यह योजना सहायक साबित हो रही है।
