प्रदेश में भाई दूज के पावन पर्व पर मध्यप्रदेश सरकार ने महिलाओं को एक बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार ने लाड़ली बहना योजना की राशि में ₹250 की बढ़ोतरी करते हुए अब हर माह ₹1500 प्रदान करने का निर्णय लिया है।
वहीं प्रदेश सरकार का कहना है कि यह निर्णय प्रदेश की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपने हर वादे को निभा रही है और महिलाओं के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा —भगवान श्रीकृष्ण और बहन सुभद्रा के स्नेह बंधन के प्रतीक इस पर्व पर हमारी लाड़ली बहनों को यह उपहार उनकी आर्थिक स्वतंत्रता का प्रतीक है। मध्यप्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश की करोड़ों महिलाओं को अब प्रतिमाह ₹1500 की राशि सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी प्रणाली से प्राप्त होगी। योजना की राशि में की गई यह बढ़ोतरी महिलाओं के जीवन में स्थायी आर्थिक सुरक्षा और सम्मान का भाव बढ़ाएगी। भाई दूज के अवसर पर की गई इस घोषणा के बाद प्रदेशभर में लाड़ली बहनों में खुशी का माहौल है। महिलाएं इसे सरकार द्वारा दिया गया सच्चा उपहार बता रही हैं।





