मध्यप्रदेश के छतरपुर थाना लवकुशनगर पुलिस ने ऑपरेशन “FAST” (Forged-Activated-Sim-Termination) के तहत एक बड़े साइबर अपराध का पर्दाफाश करते हुए लवकेश चौरसिया को गिरफ्तार किया। आरोपी फर्जी सिम कार्ड के जरिए साइबर अपराधियों के साथ साठगांठ कर अवैध लाभ कमाता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने POS स्टोर पर ग्राहकों के आधार कार्ड और अंगूठे के निशान लेकर फर्जी सिम सक्रिय किए और उन्हें अन्य राज्यों में भेजकर साइबर ठगी में प्रयोग किया। इस कार्रवाई में आरोपी के पास से 1220 सिम कार्ड, एक लैपटॉप, 13 मोबाइल फोन, 6 मोबाइल चार्जर और एटीएम कार्ड बरामद किए गए।
पुलिस अधीक्षक छतरपुर अगम जैन के निर्देशन में 15 सदस्यीय टीम ने जिले के विभिन्न स्थानों में सिम विक्रेताओं और एजेंट्स के रिकॉर्ड की जांच की। इससे पहले भी ऑपरेशन के तहत चार अन्य आरोपियों संगीता कुशवाहा, मुकेश पटेल, अभिषेक पाठक और जीतेन्द्र कुमार त्रिपाठी पर कार्रवाई हो चुकी है।
लवकेश चौरसिया ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह फर्जी सिम खरीदकर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराता था और इसके बदले में पैसे कमाता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिवत कार्यवाही शुरू कर दी है और अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।




