Mp News : अशासकीय विद्यालयों की मान्यता प्रक्रिया को डिजिटल बनाने तैयारी तेज, निरीक्षण दलों को 12 दिसम्बर को वेबीनार प्रशिक्षण…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

भोपाल। लोक शिक्षण संचालनालय, गौतम नगर ने अशासकीय विद्यालयों की मान्यता प्रक्रिया को पूर्णतः ऑनलाइन और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। संचालनालय द्वारा विकसित नवीन पोर्टल के उपयोग को सुगम बनाने के लिए निरीक्षण दलों, संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

संचालनालय द्वारा 4 दिसंबर 2025 को संभागीय संयुक्त संचालक और जिला शिक्षा अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रथम चरण का प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद 7 दिसंबर 2025 को अशासकीय विद्यालयों की मान्यता का कार्य देख रहे प्रभारी अधिकारी एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों को संचालनालय में उपस्थित होकर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

संचालनालय ने बताया कि ऐसे अशासकीय विद्यालय, जिनकी मान्यता 31 मार्च 2026 को समाप्त होने जा रही है, उनकी सूची संबंधित जिलों को पूर्व में उपलब्ध कराई जा चुकी है। इसके अलावा सत्र 2024-25 में जिन विद्यालयों की मान्यता समाप्त हो गई है, उनके ऑनलाइन आवेदन भी प्राप्त हो रहे हैं और आगे और प्राप्त होने की संभावना है।

इसी क्रम में इन विद्यालयों के भौतिक सत्यापन और निरीक्षण कार्य के लिए संभागीय स्तर पर गठित निरीक्षण दलों को नवीन पोर्टल के संचालन तथा निरीक्षण प्रक्रिया से संबंधित प्रशिक्षण 12 दिसंबर 2025 को दोपहर 12 बजे वेबीनार के माध्यम से प्रदान किया जाएगा।

सहायक संचालक, लोक शिक्षण ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सभी संभागीय संयुक्त संचालक स्वयं वेबीनार में अनिवार्य रूप से शामिल हों । मान्यता कार्य देख रहे प्रभारी अधिकारियों को भी सहभागी सुनिश्चित करें। वेबीनार लिंक संबंधित सभी अधिकारियों को पृथक से प्रसारित की जाएगी। संचालनालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि निरीक्षण संबंधी कार्यवाही समयबद्ध और सटीक रूप से संपन्न हो, इसके लिए यह प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *