Mp Education Update : शिक्षा विभाग का बड़ा आदेश: 01 जनवरी 2026 से अवकाश आवेदन सिर्फ “हमारे शिक्षक” एप से, ऑफलाइन पूरी तरह बंद….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

— शिक्षकों की छुट्टी अब डिजिटल, ई-अटेंडेंस से ही मानी जाएगी उपस्थिति….

भोपाल। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश ने स्कूल शिक्षा विभाग में कार्यरत समस्त लोकसेवकों के लिए अवकाश आवेदन की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। अब दिनांक 01 जनवरी 2026 से सभी प्रकार के अवकाश आवेदन “हमारे शिक्षक” एप के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे, ऑफलाइन आवेदन मान्य नहीं होंगे।

संचालनालय द्वारा 31 दिसंबर 2025 को जारी आदेश के अनुसार “हमारे शिक्षक” ई-गवर्नेंस प्लेटफॉर्म पर शिक्षकों एवं अन्य लोकसेवकों का सेवा रिकॉर्ड संधारित किया जा रहा है। इसी प्लेटफॉर्म के माध्यम से अवकाश आवेदन, स्वत्वों से संबंधित आवेदन, समस्याओं का निराकरण एवं प्रतिदिन ई-अटेंडेंस दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर लोकसेवकों के अद्यतन अवकाश लेखा की प्रविष्टि का कार्य 03 जनवरी 2026 तक पूर्ण किया जाना अनिवार्य है, जिसके लिए सक्षम अधिकारियों को आवश्यक निर्देश एवं प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

लोक शिक्षण संचालनालय ने जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं संकुल प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि स्कूल शिक्षा विभाग में कार्यरत द्वितीय श्रेणी तक के सभी अकादमिक, लिपिकीय एवं प्रशासनिक अमले को इस नई व्यवस्था की जानकारी अनिवार्य रूप से दी जाए।

नई व्यवस्था के तहत CL, OL, EL, HPL, CCL सहित सभी प्रकार के अवकाश “हमारे शिक्षक” एप से ही सक्षम अधिकारी द्वारा स्वीकृत किए जाएंगे। साथ ही सभी लोकसेवकों की उपस्थिति ई-अटेंडेंस के आधार पर ही मान्य होगी। समस्त शिक्षक संवर्गों के लिए आकस्मिक अवकाश (CL) का कैलेंडर भी प्रत्येक वर्ष 01 जनवरी से प्रारंभ माना जाएगा। लोक शिक्षण संचालनालय ने आदेश में निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश को आयुक्त द्वारा अनुमोदित किया गया है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *