मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड, भोपाल द्वारा जिला उत्कृष्ट/मॉडल स्कूल एवं श्रमोदय आवासीय विद्यालयों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली चयन परीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं। बोर्ड द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए जिला उत्कृष्ट/मॉडल स्कूल एवं श्रमोदय आवासीय प्रवेश परीक्षा दिनांक 08 फरवरी 2026 (रविवार) को आयोजित की जाएगी।
— जारी आदेश के मुताबिक
दरअसल यह परीक्षा प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक (दो घंटे) चलेगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सभी विद्यार्थियों की परीक्षा केन्द्र पर उपस्थिति 10:30 बजे तक सुनिश्चित की जाए, ताकि समय पर परीक्षा प्रक्रिया शुरू हो सके। राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा केन्द्रों की सूची जिला शिक्षा अधिकारियों को भेज दी है। निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा केन्द्रों की बैठक क्षमता के आधार पर जांच कर ली जाए। यदि किसी केन्द्र में संशोधन या बदलाव की आवश्यकता हो तो उसे 02 फरवरी 2026 को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अवगत कराया जाए।

इस संबंध में बोर्ड के सहायक संचालक (परीक्षा-1) राम वैध द्वारा आदेश जारी कर सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। और प्रतिलिपि आयुक्त लोक शिक्षण, संयुक्त संचालकों एवं संबंधित प्राचार्यों को भी सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है। वहीं यह परीक्षा प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए उत्कृष्ट/मॉडल स्कूलों और श्रमोदय आवासीय विद्यालयों में प्रवेश का महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।
