भोपाल। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश ने अतिथि शिक्षकों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए GFMS पोर्टल 2.0 पर ऑफलाइन से ऑनलाइन क्लेम दर्ज करने की नई सुविधा प्रारंभ कर दी है। यह कदम उन अतिथि शिक्षकों के लिए विशेष रूप से उपयोगी होगा जिनकी सेवा से संबंधित जानकारी अनुभव प्रमाण पत्र हेतु पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं हो रही थी।
जारी आदेश के अनुसार संकुल प्राचार्यों को अपने लॉगिन पर आवेदक की उपस्थिति हस्ताक्षर पंजी, भुगतान अभिलेख तथा विद्यालय में संधारित दस्तावेजों के आधार पर जानकारी का सत्यापन कर उसे ऑनलाइन दर्ज करना होगा। सत्यापन के बाद अभिलेखों को कार्यालय में सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा।
संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि यह प्रक्रिया 15 दिसंबर 2025 तक हर स्थिति में पूर्ण की जाए। साथ ही सत्र 2018-19 के पूर्व के अतिथि शिक्षकों के अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने के लिए यह अंतिम अवसर प्रदान किया जा रहा है। निर्धारित समयावधि के बाद यह सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी।
इस आदेश की प्रतिलिपि राज्य के सभी जिलों के कलेक्टरों, जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, जिला शिक्षा अधिकारियों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और शाला प्रभारियों को भी भेजी गई है, ताकि समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।




