Mp Crime News : आयुषी ज्वेलर्स डकैती का खुलासा, 8 आरोपी गिरफ्तार, हथियार और वाहन बरामद…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

— गोलीबारी में घायल हुए ज्वेलर्स संचालक, पुलिस ने 4 राज्यों में अभियान चला कर गिरोह को किया गिरफ्तार

मध्यप्रदेश के मंडला में विगत दिनांक 20.11.2025 की शाम को कटरा स्थित आयुषी ज्वेलर्स में अज्ञात अपराधियों द्वारा डकैती और गोलीबारी की घटना हुई थी। इस घटना में दुकान संचालक आयुष सोनी के पैर, जांघ और पीठ में गोली लगने से गंभीर चोट आई थी। उन्हें तुरंत डायल 112 के माध्यम से जिला अस्पताल मंडला में भर्ती कराया गया।

पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देशन में मामले की गंभीरता को देखते हुए चारों दिशाओं में नाकाबंदी और चेकिंग अभियान चलाया गया। तकनीकी साक्ष्य और 200 से अधिक CCTV फुटेज की जांच के आधार पर संदिग्ध वाहनों की पहचान कर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।

पुलिस ने आठ अलग-अलग टीमों को अलग-अलग राज्यों में भेजकर कार्रवाई की। इस दौरान मुज्जफरपुर, बिहार से खालिद अंसारी, शशिकुमार और कृष्णाकुमार को गिरफ्तार किया गया। वहीं मो. अजहर, राजेश ठाकुर, लवकुश गौर, रोहित भारतिया और अनिल सोनी को इंदौर, रायसेन, बड़वानी और मंडला से गिरफ़्तार किया गया।

जांच में पता चला कि आरोपी 13 और 19 नवंबर को मंडला पहुंचे थे, लेकिन घटना को अंजाम नहीं दे पाए। 20 नवंबर को आरोपी पुनः मंडला आए और दुकान बंद होने से पहले आयुष सोनी पर गोली चला दी। पुलिस को चकमा देकर आरोपी सेमरखापा मार्ग से जबलपुर की ओर भाग गए।

पुलिस ने जंगल क्षेत्रों में छिपाए गए हथियार, जेवरात और दोनों वाहनों को बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस अधीक्षक मंडला ने कहा कि इस कार्रवाई से जिले में अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी और ऐसे अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *