भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश ने हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा 2025-26 की तैयारियों को लेकर बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। परीक्षा कार्यों को समयबद्ध और सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मंडल के समस्त प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी अधिकारियों, आदर्श विद्यालयों के प्राचार्यों, संभागीय अधिकारियों तथा उनके अधीनस्थ कर्मचारियों के अर्जित एवं लघुकृत अवकाश पर 10 जनवरी 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक रोक लगा दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार इस अवधि में अवकाश स्वीकृति के सभी अधिकार स्थगित रहेंगे। केवल विशेष एवं अपरिहार्य परिस्थितियों में ही अवकाश दिया जाएगा, जिसके लिए संबंधित अधिकारी-कर्मचारी को सीधे प्रभारी सचिव से अनुमति लेनी होगी। मंडल का मानना है कि परीक्षा संबंधी गोपनीय कार्य, मूल्यांकन व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों में किसी भी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए यह कदम आवश्यक है।
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश 30 अप्रैल 2026 के बाद स्वतः समाप्त हो जाएगा। आदेश की प्रतिलिपि सभी संभागीय कार्यालयों, अधिकारियों और कर्मचारियों को सूचना एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु भेज दी गई है। इस निर्णय से यह स्पष्ट है कि एमपी बोर्ड इस वर्ष परीक्षाओं को लेकर पूरी तरह मिशन मोड में काम करेगा।
