भोपाल। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश ने अतिथि शिक्षकों के अनुभव प्रमाण पत्र को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। संचालनालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2023-24 के पूर्व कार्य कर चुके अतिथि शिक्षकों के लिए अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने हेतु यह अंतिम अवसर प्रदान किया गया है।
संचालनालय के अनुसार, जिन अतिथि शिक्षकों ने शासकीय विद्यालयों में कार्य किया है, लेकिन उनके अनुभव प्रमाण पत्र के लिए GFMS पोर्टल 2.0 पर क्लेम की जानकारी प्रदर्शित नहीं हो रही है, ऐसे प्रकरणों में संकुल प्राचार्य द्वारा ऑफलाइन से ऑनलाइन क्लेम दर्ज किया जाएगा। इसके लिए संबंधित शिक्षक की विद्यालय में उपस्थिति पंजी, ट्रेजरी से मानदेय भुगतान का रिकॉर्ड एवं उस समय शिक्षक के उपलब्ध न होने का प्रमाणीकरण किया जाएगा।

सत्यापन के उपरांत संकुल प्राचार्य GFMS पोर्टल 2.0 पर कार्यदिवसों की जानकारी दर्ज कर अनुभव प्रमाण पत्र जारी करेंगे तथा कार्यालयीन अभिलेखों में भी जानकारी संधारित की जाएगी। यह पूरी प्रक्रिया 31 जनवरी 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करनी होगी।
लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक सत्र 2023-24 के पूर्व के अनुभव प्रमाण पत्र हेतु यह अंतिम मौका है। निर्धारित तिथि के बाद यह सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। सभी संभागीय संयुक्त संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं संकुल प्राचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करें। यह आदेश आयुक्त के अनुमोदन उपरांत अपर संचालक, लोक शिक्षण, मध्यप्रदेश द्वारा जारी किया गया है।
