— थाना गाडासरई में 17 वर्षीय लक्की यादव के लापता होने पर पुलिस ने लगातार प्रयास तेज किए
डिंडौरी। कार्यालय पुलिस अधीक्षक डिंडौरी द्वारा थाना गाडासरई अंतर्गत 17 वर्षीय लक्की यादव के लापता होने की गंभीर घटना को देखते हुए ₹5,000 का नगद ईनाम घोषित किया गया है। यह घोषणा पुलिस रेग्युलेशन के पैरा 80-ए के तहत की गई है। लक्की यादव, पिता कमलेश यादव, ग्राम बछरगांव की निवासी हैं, जो कुछ दिन पूर्व अचानक लापता हो गईं। पुलिस ने बालिका की खोज में लगातार प्रयास किए हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।
पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह ने कहा कि बालिका के संबंध में सार्थक और विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति को ₹5,000 का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी के पास बालिका के बारे में कोई महत्वपूर्ण जानकारी हो, तो तुरंत नजदीकी थाना या जिला पुलिस से संपर्क करें। पुरस्कार वितरण और सूचना की सत्यता का अंतिम निर्णय पुलिस अधीक्षक, जिला डिंडौरी द्वारा किया जाएगा।
