MGNREGA Fake Attendance : मनरेगा में फर्जी मजदूरी की हाजिरी का आरोप, एक ही फोटो से कई मजदूरों की उपस्थिति दर्ज करने की शिकायत…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

— देवखा पंचायत में करीब 9 लाख के तालाब मरम्मत कार्य को लेकर शिकायत, जिला पंचायत सीईओ से जांच की मांग

 

मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले जनपद पंचायत जतारा ग्राम पंचायत देवखा में मनरेगा के तहत कराए गए तालाब मरम्मत कार्य को लेकर अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं। ग्राम पंचायत देवखा निवासी अशोक सिंह लोधी ने जिला पंचायत टीकमगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की जांच कराने की मांग की है।

 

— ये रहा पूरा मामला

 

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत देवखा के सरपंच रजीत यादव एवं उपयंत्री प्रमोद सक्सेना द्वारा मनरेगा मजदूरों की फर्जी फोटो के माध्यम से एमएमएनएस पर हाजिरी दर्ज कराई गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि एक ही फोटो से कई मजदूरों की हाजिरी भरी गई, जबकि संबंधित मजदूर मौके पर काम करने नहीं गए थे।

 

शिकायत के अनुसार सिद्धबाबा मंदिर के पास तालाब मरम्मत कार्य से संबंधित मस्टर रोल में भी मजदूरों की उपस्थिति को लेकर सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि एक ही समय की फोटो का उपयोग कर दिन में दो बार हाजिरी दर्ज की गई। साथ ही आरोप है कि मनरेगा पोर्टल पर जिन मजदूरों की हाजिरी दर्ज की गई, उनके स्थान पर मौके पर मशीनों से कार्य कराया गया। शिकायत में संबंधित कार्य के मस्टर रोल क्रमांक 1707003017/WH/220120, 34943526 तथा मस्टर क्रमांक 10612, 10613, 10610, 10609 और 10611 का उल्लेख किया गया है।

 

शिकायतकर्ता ने सिद्धबाबा मंदिर के पास स्थित तालाब का मौके पर निरीक्षण कराने की मांग करते हुए कहा है कि वहां कथित तौर पर केवल वेस्टवेयर बनाया गया है, जबकि बांध पर अन्य कार्य नहीं कराया गया। शिकायत में कार्य की लागत करीब 9 लाख रुपए बताई गई है। शिकायतकर्ता ने जिला पंचायत सीईओ से ग्राम पंचायत देवखा में कराए गए संबंधित कार्यों के नोट कैमरा फोटो, मस्टर रोल, मजदूरों की उपस्थिति, भुगतान और मौके पर हुए निर्माण कार्य का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *