डिंडौरी। मध्यप्रदेश शासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार जनपद पंचायत बजाग में ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) को लेकर दो दिवसीय क्लस्टरवार प्रशिक्षण शुरू हुआ। जनपद सभा कक्ष में आयोजित प्रशिक्षण का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। प्रथम दिवस 51 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण में सहभागिता की।
प्रशिक्षण का आयोजन जनपद पंचायत बजाग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सचिन अग्रवाल के निर्देशन में किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर डॉ. विकास जैन, एबीएफ आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम नीति आयोग, ब्लॉक समन्वयक सीता देवी एवं ज्योति पड़वार ने प्रतिभागियों को ग्राम पंचायत विकास योजना की उपयोगिता, निर्माण प्रक्रिया तथा ऑनलाइन पोर्टल पर योजना दर्ज करने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
प्रशिक्षण में ग्राम सभा, महिला सभा, बाल सभा एवं वार्ड सभा के माध्यम से स्थानीय आवश्यकताओं की पहचान कर विकास कार्यों एवं योजनाओं का चयन करने की प्रक्रिया पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही उपलब्ध संसाधनों के अभिसरण और योजनाओं की सतत निगरानी को लेकर व्यवहारिक जानकारी दी गई।
9 प्रमुख थीम पर ग्राम विकास का खाका
प्रशिक्षण के दौरान पंचायत उन्नति सूचकांक तथा ग्राम विकास के लिए निर्धारित नौ प्रमुख थीमों पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें गरीबी मुक्त एवं उन्नत आजीविका, स्वस्थ पंचायत, महिला हितैषी पंचायत, बाल हितैषी पंचायत, जल समृद्ध पंचायत, स्वच्छ एवं हरित पंचायत, आत्मनिर्भर एवं आधारभूत संरचना युक्त पंचायत, सामाजिक रूप से न्यायपूर्ण एवं सुरक्षित पंचायत तथा सुशासन युक्त पंचायत शामिल हैं।
प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में सहभागी नियोजन को मजबूत करना है, ताकि स्थानीय आवश्यकताओं और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर प्रभावी एवं समग्र विकास योजनाएं तैयार की जा सकें। प्रशिक्षण के माध्यम से पंचायत स्तर पर विकास की प्राथमिकताएं तय करने और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की प्रक्रिया को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।

