— कलेक्टर नेहा मारव्या ने पुलिस परेड ग्राउंड में लिया जायजा….
डिंडौरी। आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउंड डिंडौरी में सम्मानपूर्वक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री का संदेश सीधा प्रसारित किया जाएगा।
बुधवार को कलेक्टर नेहा मारव्या ने मुख्य समारोह की तैयारियों का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर सीईओ जिला पंचायत अनिल कुमार राठौर, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा, एसडीएम सुश्री भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
रिहर्सल के दौरान परेड की सलामी, मुख्य अतिथि का स्वागत, ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, परेड निरीक्षण, मार्च पास्ट, प्लाटून कमांडरों से परिचय और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अभ्यास किया गया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियों का बारीकी से अवलोकन किया।


