Independence Day Celebration in Dindori : आजादी का जश्न, प्रभारी मंत्री प्रतिमा बागरी ने किया ध्वजारोहण – परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा मैदान…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में देश की आजादी की 79वीं वर्षगांठ बड़े हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाई गई। जिले का मुख्य समारोह पुलिस परेड मैदान डिंडौरी में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि नगरीय विकास एवं आवास विभाग की राज्यमंत्री तथा जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।

ध्वजारोहण के पश्चात प्रभारी मंत्री श्रीमती बागरी ने कलेक्टर नेहा मारव्या तथा पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह के साथ खुली जीप में परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्वतंत्रता दिवस संदेश लाईव प्रसारण के माध्यम से वाचन किया गया। प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा तिरंगे के गुब्बारे गगन में उड़ाए। इस अवसर पर सशस्त्र बलों ने हर्ष फायर किया और पुलिस बैंड ने राष्ट्रगान की धुन प्रस्तुत की।

— शानदार परेड और मार्च पास्ट

परेड कमाण्डर के नेतृत्व में सशस्त्र बलों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। इस मार्च पास्ट में विशेष सशस्त्र बल 36वीं विसबल कैम्प डिंडौरी, जिला पुलिस बल (पुरुष एवं महिला प्लाटून), जिला होमगार्ड प्लाटून, जूनियर एनसीसी बालक-बालिका उत्कृष्ट विद्यालय डिंडौरी, कस्तूरबा कन्या उ.मा. विद्यालय (रेडक्रॉस व स्काउट-गाइड) एवं मदर टेरेसा स्कूल के विद्यार्थी शामिल रहे।

— स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का हुआ सम्मान

समारोह में प्रभारी मंत्री बागरी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कैलाश चंद जैन और सेनानी परिवार से रविदत्त राय को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।

— सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजी धरा मंच

स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सरस्वती शिशु मंदिर, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, कन्या शिक्षा परिसर, राजूषा उ.मा. विद्यालय, सरस्वती ज्ञान मंदिर एवं कस्तूरबा कन्या विद्यालय के विद्यार्थियों ने नृत्य प्रस्तुत किए। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

— अधिकारियों-कर्मचारियों को मिला सम्मान

समारोह में कलेक्टर नेहा मारव्या ने जिले के उन अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जिन्होंने उत्कृष्ट कार्य कर शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में सराहनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *