डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने मंगलवार शाम को जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवा की उपलब्धता, डॉक्टरों की उपस्थिति, निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति और पोषण पुनर्वास केंद्र का भी अवलोकन किया।
कलेक्टर ने चिकित्सालय परिसर में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा नाले निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की और संबंधित एजेंसी को अप्रैल 2026 के अंत तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पालिका द्वारा बनाए गए पुराने शौचालय को दुरुस्त कर शीघ्र संचालन में लाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ओपीडी कक्ष, दवा वितरण कक्ष, दवा भंडार कक्ष, पीएनसी वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, ब्लड बैंक, प्रयोगशाला, पुरुष एवं महिला वार्ड, आईसीयू तथा आपातकालीन वार्ड का जायजा लिया। दवा भंडार कक्ष में स्टॉक रजिस्टर और ऑक्सीजन सिलेंडर वितरण रजिस्टर की जांच की गई। फार्मासिस्ट उपेंद्र पाराशर और अरविंद मरावी से दवा एवं ऑक्सीजन की उपलब्धता संबंधी जानकारी प्राप्त की।
पीएनसी वार्ड में भर्ती मरीजों से चर्चा कर उनके स्वास्थ्य और जच्चा-बच्चा की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान ग्राम देवरी अमरपुर की अनीता ठाकुर के प्रसव संबंधी समस्या बताने पर कलेक्टर ने तत्परता दिखाते हुए चिकित्सक को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में सिविल सर्जन डॉ. रमेश मरावी, एसडीएम डिंडौरी सुश्री भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन, पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका के अधिकारी, जनसंपर्क अधिकारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





