मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा दिए गए “हरियाली और पर्यावरण संरक्षण” के आह्वान पर एवं मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद डिंडौरी के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था — जनजीवन कल्याण समिति बिछिया द्वारा ग्राम मुड़की में “नवांकुर सखी हरियाली यात्रा” का आयोजन उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम के दुर्गा मंदिर में मुख्य अतिथि गणेश राजपूत (विकासखंड समन्वयक, जन अभियान परिषद), ग्राम सरपंच चमरासिंह परस्ते एवं अजय ठाकुर द्वारा पूजा-अर्चना व दीप प्रज्वलन कर किया गया।कार्यक्रम की खास बात ग्राम की महिलाओं और बालिकाओं द्वारा पारंपरिक ढोलक की थाप पर प्रस्तुत लोकगीत थे, जिन्होंने हरियाली उत्सव को जीवंतता प्रदान की। इस आयोजन ने महिलाओं को नारीशक्ति के रूप में पर्यावरण जागरूकता का वाहक बनाया।
मुख्य वक्ता गणेश राजपूत ने पर्यावरण, जलवायु संतुलन और वृक्षारोपण के महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि “प्रत्येक वृक्ष जीवनदाता है — यह हमें प्राणवायु देता है और जैव विविधता को संरक्षित करता है।” इसके बाद महिलाओं की भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जो पूरे ग्राम में भ्रमण करते हुए “वृक्ष लगाओ – जीवन बचाओ” का संदेश देती रही। इस यात्रा ने ग्रामवासियों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक किया। यात्रा के पश्चात सभी महिलाओं को 11-11 फलदार एवं छायादार पौधों का वितरण किया गया। सभी ने पौधरोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सामूहिक फोटो और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। आयोजन में 100 से अधिक महिलाएं-बालिकाएं शामिल रहीं।उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में राकेश मार्को, रवि धुर्वे, जोहन सिंह मरावी, मेट इंद्रलाल, गणेश श्याम सहित नवांकुर संस्था से अजय ठाकुर, अरुण चंदेल व रघुनाथ चंदेल शामिल थे।
