मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के 11 जिलों के 17,500 किसानों के खातों में एक क्लिक के माध्यम से 20 करोड़ 60 लाख रुपये की बाढ़ राहत राशि हस्तांतरित की। यह राशि अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों के फसल क्षति मुआवजे के रूप में प्रदान की गई।
शनिवार को मुख्यमंत्री निवास समत्व भवन से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्चुअल माध्यम से प्रभावित किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कुशल-क्षेम पूछा। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ है।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, अपर सचिव आलोक सिंह, आयुक्त राजस्व अनुभा श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने शिवपुरी, दमोह, अशोकनगर, धार, छतरपुर, रायसेन सहित विभिन्न जिलों के किसानों से संवाद किया। प्रभावित किसानों ने सरकार द्वारा राहत राशि प्रदान करने पर आभार व्यक्त किया।
इससे पहले अगस्त में मुख्यमंत्री द्वारा 24,884 प्रभावितों को 30 करोड़ रुपये से अधिक की राहत राशि वितरण की गई थी। इस मानसून में प्रदेश में औसतन 25% अधिक वर्षा दर्ज की गई है। वर्ष 2025-26 में अब तक कुल 188.52 करोड़ रुपये की राहत राशि वितरित की जा चुकी है।



