Good News for Dindori Farmers : प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना में डिंडौरी जिला शामिल — किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। जिले के किसानों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले को प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना (PM-DDKY) में शामिल किए जाने की घोषणा की है। केंद्रीय मंत्री ने यह जानकारी मध्यप्रदेश शासन के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग दिलीप जायसवाल को पत्र लिखकर दी। पत्र के अनुसार, इस योजना के तहत देशभर के 100 आकांक्षी कृषि जिलों का चयन किया गया है, जिनमें मध्यप्रदेश के डिंडौरी, अलीराजपुर, शहडोल, उमरिया, सीधी, निवाड़ी, टीकमगढ़ और अनूपपुर जिले शामिल हैं।

योजना के चयन मानदंडों में कम फसल उत्पादकता, फसल सघनता में कमी, तथा कृषि ऋण वितरण की कम दर को आधार बनाया गया है। डिंडौरी जिला, जो मुख्यतः आदिवासी बाहुल्य एवं कृषि प्रधान क्षेत्र है, अब इस योजना के अंतर्गत आने से कृषि विकास, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, फसल विविधिकरण और किसानों की आय वृद्धि की दिशा में नई संभावनाएँ खुलेगी। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिलीप जायसवाल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके निरंतर सहयोग और सुझावों से राज्य के कृषि क्षेत्र में समावेशी और संतुलित विकास को गति मिलेगी। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना का उद्देश्य कृषि उत्पादकता को बढ़ाना, आधुनिक तकनीक के उपयोग को प्रोत्साहित करना तथा किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है। इससे डिंडौरी जिले के हजारों किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *