Gold Medal : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने डिंडौरी की बेटी शिवानी साहू को पहनाए 2 गोल्ड मेडल ! पूरे जिले का बढ़ाया मान….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

हिंदी विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मिला सम्मान, शहपुरा की छात्रा ने बढ़ाया जिले का गौरव

डिंडौरी। आदिवासी बाहुल्य डिण्डौरी जिले की बेटी शिवानी साहू ने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा के दम पर ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिस पर पूरे जिले को गर्व है। शहपुरा विकासखंड के ग्राम बरगांव निवासी एवं शासकीय स्नातक महाविद्यालय शहपुरा की छात्रा शिवानी साहू को रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर के 36वें दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों दो स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया।

 

जबलपुर में आयोजित दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में कुल 20 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए, जिनमें डिण्डौरी जिले की शिवानी साहू भी शामिल रहीं।

 

शिवानी ने हिंदी विषय में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोहरी उपलब्धि हासिल की। उन्हें पहला स्वर्ण पदक स्नातक स्तर पर हिंदी विषय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर तथा दूसरा स्वर्ण पदक हिंदी साहित्य में प्रथम श्रेणी के साथ सर्वोच्च अंक अर्जित करने पर प्रदान किया गया। एक ही दीक्षांत समारोह में दो स्वर्ण पदक प्राप्त कर उन्होंने न केवल अपने महाविद्यालय बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है।

 

राष्ट्रपति के हाथों सम्मान प्राप्त करने के बाद शिवानी और उनके परिवार में खुशी की लहर है। पिता बाबूलाल साहू एवं माता सावित्री देवी ने बेटी की इस सफलता को परिवार के लिए गौरव का क्षण बताया। वहीं बरगांव, करौंदी और शहपुरा क्षेत्र में भी उनकी उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल है। शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने शिवानी को बधाई देते हुए इसे जिले की बेटियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है।

 

ग्रामीण परिवेश और सीमित संसाधनों के बीच शिक्षा के क्षेत्र में यह सफलता हासिल कर शिवानी साहू ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और लगन के बल पर कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होना न केवल शिवानी के लिए बल्कि पूरे डिण्डौरी जिले के लिए गौरव का विषय है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *