Dindori News : शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत, ग्राम पंचायत ने प्रशासन से की कार्रवाई की मांग….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

खसरा नंबर 98 की सरकारी जमीन पर मकान निर्माण का दावा, पंचायत ने सार्वजनिक हित प्रभावित होने की जताई चिंता 

डिंडौरी। जनपद पंचायत अमरपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरी माल में शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे के मामले को लेकर पंचायत ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में ग्राम पंचायत द्वारा नायब तहसीलदार अमरपुर को अलग-अलग शिकायत पत्र भेजकर शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।

पंचायत द्वारा भेजे गए पत्रों के अनुसार, ग्राम पंचायत देवरी माल के खसरा नंबर 98 की शासकीय भूमि पर दो व्यक्तियों द्वारा कथित रूप से अवैध निर्माण किए जाने की शिकायत की गई है। एक मामले में जनून सिंह पिता चरण सिंह पर स्वच्छता परिसर और मुख्य मार्ग के समीप शासकीय भूमि पर मकान निर्माण करने का आरोप लगाया गया है। पंचायत का कहना है कि उक्त भूमि ग्राम हित एवं सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित रखी गई थी।

 

वहीं दूसरे मामले में नीलम रजक पिता झगारू रजक पर बीच सड़क के पास अतिक्रमण कर मकान निर्माण करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि निर्माण के कारण रास्ता संकरा हो गया है, जिससे भविष्य में आवागमन के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रह सकती है। पंचायत ने यह भी कहा है कि संबंधित भूमि के आसपास पंचायत भवन, स्कूल और खेल मैदान स्थित हैं । यह भूमि ग्रामवासियों के सामान्य उपयोग के लिए सुरक्षित रखी गई है।

 

ग्राम पंचायत ने दोनों मामलों में नायब तहसीलदार से मौके की जांच कर अतिक्रमण हटाने और नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत पत्रों के साथ पंचायत प्रस्ताव एवं संबंधित भूमि के नक्शे की प्रतियां भी संलग्न की गई हैं। अब मामले में राजस्व विभाग की जांच और कार्रवाई पर ग्रामीणों की नजर बनी हुई है।

 

(नोट : यह शिकायत ग्राम पंचायत द्वारा प्रशासन को भेजे गए पत्रों पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि संबंधित विभागीय जांच के बाद ही हो सकेगी।)

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *