मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के जनपद पंचायत डिंडौरी अंतर्गत ग्राम पंचायत चटुवा के ग्रामीण लंबे समय से झूलते विद्युत तारों और अनियमित बिजली आपूर्ति की समस्या से जूझ रहे हैं। जनसुनवाई में शिकायत करने आए जनपद सदस्य संतोष चंदेल ने बताया कि खंभों से लगी तारें कई जगहों पर बेहद झूल रही हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है।
पहले भी दो बार धान के भूसे में आग लगने जैसी घटनाएँ घट चुकी हैं। बरसात के दिनों में तारों से करंट उतरने की वजह से लोगों की जान जोखिम में रहती है। वहीं, बिजली आने पर भी वोल्टेज बेहद कम रहता है, जिससे गाँव में अंधेरा छाया रहता है।
अंधेरे के कारण सर्प व कीड़े-मकोड़ों का खतरा हमेशा बना रहता है, साथ ही बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। कई बार जनपद पंचायत की सामान्य सभा एवं बिजली विभाग को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई सुधार कार्य नहीं किया गया।
हाल ही में समीपस्थ गाँव बीच में भी तार टूटने की घटना घटी थी और उस दौरान बिजली विभाग के कर्मचारी फोन तक नहीं उठा रहे थे। इससे ग्रामीणों का विभाग पर भरोसा कम होता जा रहा है। शिकायत करने आए जनपद सदस्य संतोष चंदेल ने कलेक्टर से हस्तक्षेप कर तारों की मरम्मत, आवश्यक सुधार कार्य एवं नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि गाँव में सुरक्षित माहौल बन सके और बच्चे सुचारु रूप से पढ़ाई कर सकें।




