मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के अमरपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम देवरी माल के ग्रामीणों और स्कूली बच्चों पर जर्जर बिजली तारों से बड़ी दुर्घटना का खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत विभाग अमरपुर की लापरवाही का खामियाजा स्थानीय लोग और प्राथमिक शाला के मासूम बच्चे भुगत रहे हैं।
गांव के पास लगे वर्षों पुराने बिजली तार पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। ग्रामीणों के अनुसार सुबह और शाम जब भी लाइन पर लोड बढ़ता है, तार टूटकर नीचे गिर जाते हैं। यही नहीं, ट्रांसफार्मर के ठीक पास प्राथमिक शाला स्थित है, जहां छोटे-छोटे बच्चे पढ़ते हैं और उन्हें कभी भी बिजली की चपेट में आने का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर 100 KVA क्षमता का है, लेकिन विभाग द्वारा मनमाने ढंग से 25 KVA क्षमता के तार लगाए गए हैं, जबकि यहां 80 KVA के तार लगाए जाने चाहिए थे।
इस मामले को लेकर जब विद्युत विभाग अमरपुर के जेई से बात की गई तो उन्होंने कहा कि “केवल तार सुधारने के लिए सामग्री ऊपर से मंगाई गई है, इसमें लगभग एक माह लग सकता है।” अब बड़ा सवाल यह है कि क्या तब तक ग्रामीणों और छात्रों को इसी खतरे के साए में जीना होगा? यदि भविष्य में कोई अनहोनी होती है तो जिम्मेदार कोन होगा..?
ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल जर्जर तार बदलने या नए तार लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अनहोनी से बचा जा सके। फिलहाल सभी की नजरें विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं और गांव के लोगों को उम्मीद है कि जल्द समाधान निकलकर बच्चों और ग्रामीणों को इस भय से राहत मिलेगी।



