डिंडौरी जिले में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 एवं बीएलए नियुक्ति के संबंध में जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जेपी यादव ने की।
बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इसमें भाजपा से पवन शर्मा और आशीष वैश्य, कांग्रेस से मो. जावेद इकबाल और ज्योतित्याराधे भलावी, बसपा से मो. असगर सिद्दकी और मो. खुर्शीद आलम, तथा आम आदमी पार्टी से सोहन सिंह तेकाम उपस्थित रहे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी यादव ने निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण की तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) की नियुक्ति अनिवार्य है। उन्होंने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपेक्षा की कि शीघ्र ही सभी मतदान केंद्रों पर बीएलए की नियुक्ति सुनिश्चित करें, ताकि निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण की कार्यवाही में बीएलओ को पूर्ण सहयोग मिल सके।




