भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मण्डल, मध्यप्रदेश द्वारा मण्डल परीक्षाओं के सुचारु और पारदर्शी संचालन को लेकर कलेक्टर प्रतिनिधियों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मण्डल परीक्षाएं 10 फरवरी 2026 से प्रारंभ हो चुकी हैं। इस संबंध में मण्डल सचिव बुद्धेश कुमार वैद्य के हस्ताक्षर से जारी आदेश में परीक्षा अवधि के दौरान प्रतिवेदन उपलब्ध कराने की विस्तृत व्यवस्था बताई गई है।
— जारी आदेश के मुताबिक
जारी आदेश के अनुसार, प्रत्येक कलेक्टर प्रतिनिधि को प्रत्येक परीक्षा तिथि पर निर्देशानुसार निर्धारित एप के माध्यम से सभी गतिविधियां अपलोड करना अनिवार्य होगा। एप संचालन के दौरान यदि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आती है, तो उसका निराकरण जिला ई-गवर्नेंस मैनेजर के माध्यम से कराया जाएगा।

यदि परीक्षा तिथि के दिन एप पर कार्य करते समय तकनीकी समस्या बनी रहती है, तो संबंधित कलेक्टर प्रतिनिधि मैनुअल रूप से कार्य करते हुए उसी दिन परीक्षा समाप्ति के बाद दोपहर 2 बजे तक जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से प्रारूप 10A में प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। साथ ही जिला ई-गवर्नेंस मैनेजर मण्डल मुख्यालय की तकनीकी टीम से समन्वय कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करेंगे।
इसके अलावा मण्डल के पूर्व आदेश के तहत प्रत्येक परीक्षा तिथि को परीक्षा केन्द्र पर प्रश्नपत्र बॉक्स खोलने से पहले उसका वीडियो बनाना भी अनिवार्य किया गया है। सभी कलेक्टर प्रतिनिधियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सुबह 8:30 बजे बॉक्स खोलने से पूर्व वीडियो रिकॉर्ड कर संबंधित व्हाट्सएप ग्रुप पर भेजना सुनिश्चित करें। माध्यमिक शिक्षा मण्डल ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं, ताकि परीक्षा प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
सोर्स:— माध्यमिक शिक्षा मण्डल, मध्यप्रदेश, भोपाल।
