भोपाल। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश ने प्रदेश के समस्त शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में प्रधानमंत्री द्वारा आयोजित ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के द्वितीय एपिसोड के लाइव प्रसारण में विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
यह कार्यक्रम 09 फरवरी 2026 को प्रातः 10 बजे आयोजित होगा, जिसमें विद्यार्थी, शिक्षक एवं अभिभावक शामिल होंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण यूट्यूब, फेसबुक लाइव, दूरदर्शन, पीएम ई-विद्या, टीवी, रेडियो सहित ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर किया जाएगा।
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि विद्यालयों में बड़ी स्क्रीन या टीवी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थी कार्यक्रम देख सकें। साथ ही जिन विद्यालयों में विद्युत व्यवस्था उपलब्ध नहीं है, वहां जनरेटर या वैकल्पिक व्यवस्था कर सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया है।

इसके अलावा इंटरनेट सुविधा, कंप्यूटर, लैपटॉप अथवा मोबाइल जैसी व्यवस्थाएं समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि इस कार्यक्रम को प्रदेश के सभी विद्यालयों में एक महोत्सव के रूप में मनाया जाए।
कार्यक्रम के लाइव प्रसारण में विद्यार्थी, अभिभावक एवं शिक्षक सामूहिक रूप से सहभागिता करेंगे। साथ ही कार्यक्रम का लाइव लिंक यूट्यूब पर उपलब्ध रहेगा। यह आदेश संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, मध्यप्रदेश एच.एन. नेमा द्वारा जारी किया गया है।
सोर्स : लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश।
