डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग ने शनिवार, 08 फरवरी को ग्राम सारस, उप तहसील मेहंदवानी में अवैध मुरूम खनन के खिलाफ कार्रवाई की।
खनिज अधिकारी अशोक नंगल ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्रवाई के दौरान अवैध खनन में संलिप्त एक जेसीबी मशीन (क्रमांक MP-52-DA-0252) को मौके से जप्त किया गया। जप्त की गई मशीन के मालिक अनिल साहू, निवासी सारस ढोही बताए गए हैं, जबकि मशीन का संचालन चालक विनोद उईके द्वारा किया जा रहा था।
खनिज विभाग की टीम ने जप्त जेसीबी मशीन को पुलिस थाना मेहंदवानी परिसर में खड़ा कराया है। मामले में नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी।
सोर्स:—जनसम्पर्क विभाग डिंडौरी।
