Education Portal 3.0 में बड़ी गड़बड़ियों की जांच शुरू, 30 मई तक मांगी गई जिलेवार रिपोर्ट…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

स्कूलों में पदों की गड़बड़ी पकड़ने विशेष जांच, 29 मई तक मांगी रिपोर्ट

 

भोपाल। मध्यप्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग में शिक्षकों के रिक्त पदों, पदस्थापना और विषयवार जानकारी में सामने आ रही विसंगतियों को लेकर लोक शिक्षण संचालनालय ने सख्त रुख अपनाया है। संचालनालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर एजुकेशन पोर्टल 3.0 में विद्यालयवार स्वीकृत, कार्यरत एवं रिक्त पदों का तत्काल सत्यापन कराने के आदेश दिए हैं।

 

लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि पोर्टल में शिक्षकों की पदस्थ संस्था, पदनाम एवं विषय संबंधी जानकारी सही दर्ज नहीं होने के कारण कई विद्यालयों में रिक्त पदों की गलत स्थिति प्रदर्शित हो रही है। इसे सुधारने के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर विशेष कैम्प लगाकर संयुक्त प्राचार्यों से सत्यापन कराया जाएगा।

 

निर्देशों के अनुसार एजुकेशन पोर्टल 3.0 के TMC मॉड्यूल से “View Vacant Post” रिपोर्ट डाउनलोड कर प्रत्येक विद्यालय की जानकारी का मिलान किया जाएगा। जिन विद्यालयों में स्वीकृत एवं कार्यरत पदों में अंतर मिलेगा, वहां लाल स्याही से संशोधन दर्ज किया जाएगा। संशोधित विद्यालयों की अलग सूची एवं एक्सेल फाइल जिला शिक्षा अधिकारी के हस्ताक्षर के साथ 29 मई 2026 तक संचालनालय को भेजनी होगी।

 

संचालनालय ने जनगणना ड्यूटी में लगे शिक्षकों की जानकारी को लेकर भी विशेष निर्देश दिए हैं। संकुल स्तर पर ऐसे शिक्षकों की नामवार जानकारी एकत्रित कर पोर्टल में एंट्री सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं जिन विद्यालयों में नेटवर्क सुविधा उपलब्ध नहीं है, उनकी प्रमाणित सूची भी जिला शिक्षा अधिकारियों से मांगी गई है।

 

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन शिक्षकों को गलती से पोर्टल में मृत या सेवानिवृत्त दर्ज कर दिया गया है, जबकि वे वर्तमान में कार्यरत हैं, ऐसे मामलों में जिला शिक्षा अधिकारी को स्वयं हस्ताक्षरित पत्र भेजकर “Revoke” दर्ज कराना होगा। संचालनालय ने सभी जिलों को निर्देशित किया है कि निर्धारित कार्यवाही पूर्ण करने के बाद 30 मई 2026 को आयोजित समीक्षा बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी एवं आईटी समन्वयक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *