भोपाल। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश द्वारा राज्य के सांदीपनि, पीएम श्री एवं समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत संचालित विद्यालयों में इंटरेक्टिव पैनल इंस्टॉलेशन को लेकर आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार विद्यालयों में इंटरेक्टिव पैनल की आपूर्ति 15 जनवरी 2026 के बाद प्रारंभ होगी।
संचालनालय ने सभी विद्यालयों को निर्देशित किया है कि पैनल की सुरक्षा एवं बेहतर उपयोग को ध्यान में रखते हुए संबंधित कक्ष का चयन पूर्व से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उपकरणों के सुचारू संचालन हेतु आवश्यक विद्युत सॉकेट, स्विच बोर्ड एवं पावर पॉइंट की व्यवस्था पहले से पूरी कर ली जाए। विद्यालयों को उपकरण प्राप्त होने पर समस्त सामग्री की पावती (रसीद/प्राप्ति प्रमाण) प्रदान करना अनिवार्य होगा। इंटरेक्टिव पैनल का इंस्टॉलेशन संबंधित प्रदायकर्ता एजेंसी द्वारा किया जाएगा, वहीं इंस्टॉलेशन के दौरान शिक्षकों को पैनल के संचालन का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि इंटरेक्टिव पैनल को विद्यालय की स्थायी स्टॉक पंजी में दर्ज किया जाए। स्टॉक पंजी के पृष्ठ क्रमांक सहित प्राप्ति रिपोर्ट एवं पावती की प्रति लोक शिक्षण संचालनालय एवं संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को अनिवार्य रूप से प्रेषित की जाएगी। लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी विद्यालयों से अपेक्षा की है कि निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करें, ताकि इंटरेक्टिव पैनल की आपूर्ति एवं इंस्टॉलेशन प्रक्रिया बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से पूर्ण की जा सके।
