e-Vivechana Launch : डिजिटल पुलिसिंग की ओर डिंडौरी पुलिस का बड़ा कदम, ई-विवेचना टैबलेट से होगी तेज और पारदर्शी जांच….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। अपराध अनुसंधान को आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में डिंडौरी पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए ई-विवेचना (e-Vivechana) टैबलेट प्रणाली की शुरुआत की है। पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं एसडीओपी सतीश द्विवेदी ने थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नागपुर की उपस्थिति में कोतवाली डिंडौरी में ई-विवेचना टैबलेट का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से विवेचना कार्य अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी होगा, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली में गुणवत्ता और दक्षता का विकास होगा। पुलिस मुख्यालय द्वारा जिले के लिए उपलब्ध कराए गए कुल 116 ई-विवेचना टैबलेट चरणबद्ध तरीके से विभिन्न थाना एवं चौकियों में वितरित किए जाएंगे।

प्रथम चरण में थाना कोतवाली डिंडौरी को 25, थाना शाहपुर को 9 तथा थाना समनापुर को 12 ई-विवेचना टैबलेट प्रदान किए गए हैं। आगामी चरणों में शेष टैबलेट अन्य थाना एवं चौकियों को उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे पूरे जिले में डिजिटल विवेचना प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

नई डिजिटल व्यवस्था के तहत विवेचना अधिकारी घटनास्थल से ही केस डायरी, जप्ती पंचनामा, गिरफ्तारी पंचनामा सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज तैयार कर सकेंगे। साथ ही फोटो, वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को तत्काल सुरक्षित रूप से अपलोड किया जा सकेगा। इससे कागजी कार्यवाही में कमी आएगी, समय की बचत होगी और अपराध अनुसंधान की गति व गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा।

ई-विवेचना टैबलेट के माध्यम से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के अंतर्गत नोटिस जारी करना, एमएलसी एवं पोस्टमार्टम संबंधी दस्तावेजों का डिजिटल संधारण, अपराध विवरण प्रपत्र तैयार करना तथा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई से जुड़े प्रकरणों का ऑनलाइन निष्पादन भी संभव होगा। वरिष्ठ अधिकारी भी विवेचना की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं समयबद्ध समीक्षा कर सकेंगे।

डिंडौरी पुलिस का कहना है कि ई-विवेचना प्रणाली से अपराध अनुसंधान अधिक वैज्ञानिक, पारदर्शी और जवाबदेह बनेगा। साथ ही आमजन को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में भी यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *