Dindori Update : कलेक्टर का औचक निरीक्षण ! सूनपुरी में 12,345 क्विंटल धान खरीदी, पंचायत भवन निर्माण में तेजी के निर्देश….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने आज धान उपार्जन केंद्र सूनपुरी का औचक निरीक्षण कर धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रभारी ने बताया कि सूनपुरी उपार्जन केंद्र में अब तक कुल 12,345 क्विंटल धान का उपार्जन किया जा चुका है।

कलेक्टर ने केंद्र पर उपस्थित किसानों से सीधे संवाद कर तौल, भुगतान एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। किसानों द्वारा बताई गई समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही उपार्जित धान के सुरक्षित रखरखाव का निरीक्षण कर गोदामों तक धान के परिवहन में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि केंद्र पर जाम की स्थिति न बने और खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।

इसके पश्चात कलेक्टर भदौरिया ने विकासखंड करंजिया अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहतरा में निर्माणाधीन अटल सुशासन नवीन ग्राम पंचायत भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य की समीक्षा की। उन्होंने पंचायत भवन के सामने मैदान समतलीकरण, पेड़ों के चारों ओर चबूतरा निर्माण तथा ध्वजारोहण स्थल तैयार कराने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण किया जाए और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत भवन ग्रामीण प्रशासन एवं जनसेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र होता है, इसलिए इसका निर्माण टिकाऊ, सुविधायुक्त एवं जनोपयोगी होना आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित सरपंच लक्ष्मी तेकाम से चर्चा कर उनकी आवश्यकताओं एवं सुझावों को सुना तथा अधिकारियों को ग्रामीणों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन, जनपद सीईओ बजाग, डिप्टी कलेक्टर प्रियांशु जैन, सहायक आयुक्त राजेन्द्र कुमार जाटव, खाद्य अधिकारी, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *