— कंपनी चौक पुरानी डिंडौरी से मेकलसुता कॉलेज तक निकली रथयात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने खींचा रथ और मांगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद
डिंडौरी। जिले में भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथयात्रा रविवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। कंपनी चौक, पुरानी डिंडौरी से प्रारंभ होकर मेकलसुता कॉलेज तक पहुंची इस भव्य रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे मार्ग में “जय जगन्नाथ” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ रथ खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
सुसज्जित रथ पर भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा विराजमान थे। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों की मधुर धुन और आकर्षक धार्मिक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। नगर के विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का स्वागत किया और श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और पेयजल की व्यवस्था भी की।
रथयात्रा में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया भी शामिल हुईं। उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ से जिले की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए सभी नागरिकों को रथयात्रा की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर डिंडौरी एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
रथयात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन कर परिवार एवं जिले की खुशहाली की प्रार्थना की। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए, जिससे रथयात्रा शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और श्रद्धामय वातावरण में संपन्न हुई।




