डिंडौरी। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष चमक सिंह नेताम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर महाकौशल एवं नर्मदा उद्गम क्षेत्र के आदिवासी अंचलों के समग्र विकास के लिए नई रेल परियोजनाओं को स्वीकृति देने की मांग की है।
दरअसल भाजपा जिला अध्यक्ष द्वारा प्रेषित पत्र में बताया गया है कि मध्यप्रदेश के डिंडौरी, मंडला एवं छत्तीसगढ़ के पेंड्रारोड, बिलासपुर और अमरकंटक क्षेत्र आज भी पर्याप्त रेल संपर्क से वंचित हैं। यह पूरा क्षेत्र जनजातीय बहुल होने के साथ प्राकृतिक संसाधनों, धार्मिक आस्था और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन रेल अधोसंरचना के अभाव में विकास की मुख्यधारा से जुड़ नहीं पाया है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि अमरकंटक मां नर्मदा का उद्गम स्थल होने के कारण राष्ट्रीय स्तर का प्रमुख तीर्थ है, जहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके बावजूद सीधी रेल सुविधा न होने से यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं डिंडौरी और मंडला जिले भौगोलिक दृष्टि से दुर्गम होने के कारण शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के क्षेत्र में पिछड़े हुए हैं।
जिला अध्यक्ष नेताम ने दो प्रमुख रेल परियोजनाओं—पेंड्रारोड–अमरकंटक–डिंडौरी–जबलपुर रेल लाइन और मंडला–डिंडौरी–अमरकंटक–बिलासपुर रेल लाइन—की स्वीकृति की मांग की है। उनका कहना है कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच संपर्क सुदृढ़ होगा तथा पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। पत्र के अंत में केंद्र सरकार से इन परियोजनाओं के सर्वे, डीपीआर निर्माण एवं शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया गया है। नेताम ने इसे क्षेत्र के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है।





