डिंडौरी। जिले के शहपुरा विकासखंड अंतर्गत भाजपा मानिकपुर मंडल द्वारा विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम के तहत संचालित VB – G RAM G योजना को लेकर मंडल स्तरीय बैठक एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मंडल अध्यक्ष हीरेंद्र मरावी के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य योजना की जानकारी कार्यकर्ताओं तक पहुंचाना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, स्वरोजगार और आजीविका के अवसरों को मजबूत करना रहा। वक्ताओं ने बताया कि यह योजना गांव आधारित रोजगार गारंटी, कौशल विकास और आजीविका संवर्धन पर केंद्रित है, जिससे ग्रामीण युवाओं, महिलाओं एवं कमजोर वर्गों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।
कार्यशाला में बताया गया कि योजना के अंतर्गत ग्रामीण युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना, स्वयं सहायता समूहों, किसान समूहों और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देना, कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर तैयार करना तथा पलायन रोककर गांव में ही आर्थिक गतिविधियों को मजबूत करना प्रमुख लक्ष्य हैं।
मंडल अध्यक्ष हीरेंद्र मरावी ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब गांव मजबूत होंगे। VB – G RAM G जी राम जी योजना ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे हर गांव और पात्र व्यक्ति तक योजना की जानकारी पहुंचाएं ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।
बैठक में आगामी दिनों में ग्राम स्तर पर चौपाल, बैठकों एवं जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्णय भी लिया गया। कार्यक्रम के अंत में संगठनात्मक मजबूती, समन्वय और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में मंडल उपाध्यक्ष जित्तू राय, दयालदादा, कार्यालय मंत्री विश्वनाथ झारिया, जिला उपाध्यक्ष संतोष साहू, मंडल महामंत्री राजेंद्र तिवारी एवं दिलीप झारिया, मीडिया प्रभारी संदीप गौलिया, सह मीडिया प्रभारी विशाखा राय, रमेश परस्ते, शत्रुघन झारिया, रामकिशोर सोनी, लीलाराम साहू, मनोहर बागवान, प्रमोद बागवान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
