डिंडौरी। जिले में राजस्व कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) डिंडौरी रामबाबू देवांगन ने कार्यों में उदासीनता पाए जाने पर तीन पटवारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। संबंधित पटवारियों को तीन दिवस के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी सूचना के अनुसार नायब तहसीलदार समनापुर के प्रतिवेदन के आधार पर पटवारी दीपक मिश्रा, सियाराम सोलंकी एवं मिथुन धुर्वे को नोटिस जारी किया गया है। आरोप है कि तीनों पटवारियों द्वारा ROR e-KYC, फार्मर रजिस्ट्री सहित अन्य महत्वपूर्ण राजस्व कार्यों में अपेक्षित रुचि नहीं ली जा रही है, जिससे उनके अधीनस्थ ग्रामों के राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही किसानों के जनहित से जुड़े कार्यों के समय पर निष्पादन में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ने इस लापरवाही को शासकीय कार्यों के प्रति उदासीनता एवं घोर लापरवाही मानते हुए मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 के अंतर्गत कदाचार की श्रेणी में माना है।
सूचना पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यदि संबंधित पटवारी निर्धारित तीन दिवस की अवधि में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करते हैं, तो उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए एक वेतनवृद्धि संचयी प्रभाव से रोकने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को राजस्व कार्यों में जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



