डिंडौरी। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 543 के शहडोल–सागरटोला मार्ग में किए गए भू-अर्जन प्रकरणों में प्रशासन द्वारा अधिकांश किसानों को मुआवजा राशि का भुगतान कर दिया गया है। जिले में कुल स्वीकृत राशि का करीब 82 प्रतिशत भुगतान पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष प्रकरणों में दस्तावेजी प्रक्रिया जारी है।
प्रमुख सचिव, मध्यप्रदेश शासन द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी गई जानकारी के अनुसार, डिंडौरी जिले में चेनज 63+000 से 69+300 तक लगभग 6.3 किलोमीटर क्षेत्र में भू-अर्जन की कार्यवाही की गई थी। इस परियोजना के तहत कुल 4.6992 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया गया है।
भू-अर्जन के अंतर्गत 111 भू-स्वामियों के लिए 1 करोड़ 78 लाख 55 हजार 287 रुपये की मुआवजा राशि स्वीकृत की गई थी। इनमें से अब तक 93 भू-स्वामियों को 1 करोड़ 47 लाख 23 हजार 853 रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जो कुल स्वीकृत राशि का लगभग 82.46 प्रतिशत है।
वहीं 18 भू-स्वामियों को लगभग 26 लाख 95 हजार 933 रुपये का भुगतान अभी लंबित है। प्रशासन के अनुसार लंबित प्रकरणों के पीछे सहखातेदारों की अधिक संख्या, आवश्यक दस्तावेजों की कमी, भूमि ऋण पोर्टल में खाता सत्यापन लंबित होना, कुछ हितग्राहियों का गांव में उपस्थित न होना तथा आपसी सहमति या विवाद जैसे कारण सामने आए हैं।
प्रशासन द्वारा संबंधित हितग्राहियों से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है, ताकि शेष प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर सभी पात्र भू-स्वामियों को मुआवजा राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जा सके। वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव, एसडीएम डिंडौरी भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




