Dindori News : कागजों में नहीं, जमीन पर दिखे योजनाओं का असर — प्रभारी मंत्री के सख्त तेवर, NH-45 से बीज तक अफसरों को दिए निर्देश….

Rathore Ramshay Mardan
6 Min Read

17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, डिंडौरी में 21 हजार और जिले में 5 लाख दीप जलाकर होगा शुभारंभ

डिंडौरी। राज्यमंत्री एवं नगरीय विकास एवं आवास विभाग तथा डिंडौरी जिले की प्रभारी मंत्री प्रतिमा बागरी ने बुधवार को कलेक्टर सभाकक्ष में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर केंद्र और राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं की प्रगति तथा सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सेवा संकल्प अभियान, मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान, राघवपुर बहुउद्देशीय परियोजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, जनजातीय कार्य विभाग तथा कृषि विभाग से संबंधित योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई।

बैठक में बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिले में संचालित किया जाएगा। अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ डिंडौरी के नर्मदा डेम घाट पर 21 हजार दीप प्रज्ज्वलित कर किया जाएगा। वहीं जिलेभर में कुल 5 लाख दीप जलाकर स्वामित्व पंजीयन कार्य का शुभारंभ किया जाएगा। अभियान के दौरान आशीर्वाद का दिया, मेरे सपनों का भारत, नमो सेवा, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा, सेवा-मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग-भारत मंडल, सेवा फर्स्ट-राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज, सुशासन सेवा संवाद, 25 साल-25 कहानियां तथा विकसित भारत संकल्प यात्रा सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।

5 स्थानों पर लग चुके जनविश्वास शिविर

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने बताया कि 7 अगस्त 2026 से अब तक जिले में पांच स्थानों पर जनविश्वास शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया है। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

राघवपुर परियोजना की भी ली जानकारी

राघवपुर बहुउद्देशीय परियोजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि परियोजना से 45 ग्राम प्रभावित तथा 53 ग्राम लाभान्वित हो रहे हैं। प्रभारी मंत्री ने परियोजना के डूब क्षेत्र, भौतिक प्रगति, भू-अर्जन तथा मुआवजा भुगतान की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में अमृत 2.0, प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, जनमन, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, छात्रावास, छात्रवृत्ति, आईटीआई में प्रवेश एवं सीटों की स्थिति, स्वरोजगार योजनाओं तथा प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना की भी समीक्षा की गई।

NH-45 के निर्माण में गुणवत्ता पर विशेष जोर

प्रभारी मंत्री ने निर्माणाधीन NH-45 की समीक्षा करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य डीपीआर में निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। आबादी वाले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति निर्मित न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है तो प्रशासन के सहयोग से नियमानुसार अतिक्रमण हटाकर कार्य में तेजी लाई जाए।

बीज अंकुरण की जांच के निर्देश

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान तिलहन एवं दलहन के वितरित बीजों के अंकुरित नहीं होने की जानकारी सामने आने पर प्रभारी मंत्री ने संबंधित क्षेत्रों में किसानों के साथ मौके पर जाकर सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां बीज अंकुरित नहीं हुए हैं, वहां जांच कर संबंधित कंपनी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा जांच पूरी होने तक संबंधित भुगतान नहीं किया जाए।

प्रभारी मंत्री ने सभी निर्माणाधीन कार्यों की नियमित जांच और गुणवत्ता की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में लापरवाही अथवा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

‘वॉश ऑन व्हील’ अभियान का शुभारंभ

स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले स्वच्छता कार्यक्रमों की श्रृंखला में प्रभारी मंत्री ने ‘वॉश ऑन व्हील’ अभियान का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और स्वच्छता गतिविधियों में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है।

इस अवसर पर ‘वॉश ऑन व्हील’ अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रभारी मंत्री ने स्वच्छता कार्यों में सक्रिय सहभागिता के लिए सभी का उत्साहवर्धन करते हुए स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

बैठक में डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता सारस, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अंजू ब्यौहार, रेड क्रॉस समिति अध्यक्ष नरेन्द्र राजपूत, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, डीएफओ अशोक सोलंकी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *