डिंडौरी/करंजिया। जनपद पंचायत करंजिया क्षेत्र के आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से अब प्रत्येक मंगलवार को जनपद पंचायत करंजिया के सभा कक्ष में नियमित जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत करंजिया अध्यक्ष राजू सिंह उद्दे द्वारा जिला पंचायत डिंडौरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पत्र लिखकर प्रत्येक मंगलवार जनसुनवाई आयोजित करने तथा सभी विभागों के खंड स्तरीय अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया गया था।
इस संबंध में जिला पंचायत डिंडौरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने 3 जून 2026 को आदेश जारी करते हुए जनपद पंचायत करंजिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित किया है कि प्रत्येक मंगलवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई में सभी संबंधित विभागों के खंड स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
जनसुनवाई का उद्देश्य क्षेत्र की समस्याओं का मौके पर निराकरण करना तथा शासन की योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। इससे पंचायत, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला एवं बाल विकास, राजस्व, विद्युत, पेयजल सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतों एवं समस्याओं का शीघ्र समाधान संभव हो सकेगा। प्रशासन का मानना है कि नियमित जनसुनवाई से जनता और शासन-प्रशासन के बीच विश्वास और अधिक मजबूत होगा तथा लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध होगा।




