Dindori News : मिठाई और तेल के नमूने भेजे गए भोपाल लैब, मिलावट पर होगी सख्त कार्रवाई…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

दीपावली पूर्व खाद्य सुरक्षा प्रशासन की सख्ती, जिलेभर में प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण जारी

डिंडौरी। आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर जिलेभर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम सक्रिय हो गई है। उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण और नमूना संग्रहण कार्य लगातार जारी है।

जानकारी के अनुसार 10 अक्टूबर को तहसील बजाग क्षेत्र में विभिन्न होटल और दुकानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नामदेव बेकरी से मिल्क केक, पवित्र भोजनालय से अरहर दाल, पनीर और सांभर, तथा न्यू मित्र मिलन ढाबा से एनर्जी ड्रिंक और आटे के नमूने लिए गए। इसके अलावा शुभ किराना स्टोर, विनोद कुमार साहू किराना स्टोर सहित अन्य दुकानों में रखे एक्सपायरी डेट के खाद्य पदार्थों का विनष्टीकरण कराया गया।

इसी क्रम में 13 अक्टूबर को डिंडौरी नगर में स्थित रितु स्वीट्स एवं भोजनालय का निरीक्षण कर खोवा, छेना और नमकीन के नमूने एकत्र किए गए। वहीं मां शारदा ट्रेडर्स से सरसों तेल, बिस्कुट और राइस ब्रान तेल के नमूने लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं।

अभिहित अधिकारी मनोज पाण्डेय ने बताया कि दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए जिलेभर में यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं को मिलावटरहित और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रभा सिंह टेकाम सहित विभागीय स्टाफ उपस्थित रहा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *