Dindori News : 90 लाख के निर्माण में खामियाँ उजागर: DPR न होने पर डीएम ने तुरंत रोका निर्माण कार्य,CMO को जांच प्रतिवेदन के आदेश…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने बुधवार को डिंडौरी नगर में चल रहे विभिन्न विकास, सौंदर्यीकरण और आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा लापरवाही पाए जाने पर नाराजगी भी व्यक्त की।

सबसे पहले कलेक्टर ने नगर परिषद क्षेत्र में संचालित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने गंदे पानी को मशीनों द्वारा साफ कर पुनः उपयोग योग्य बनाने की प्रक्रिया की जानकारी ली। कलेक्टर ने टेंकर से साफ पानी लेकर उसकी गुणवत्ता की स्वयं जांच भी की। प्लांट के एडमिन ब्लॉक, लेब रूम, पीएलसी रूम, सीसीटी एवं क्लोरीनीकरण कक्ष का अवलोकन करते हुए उन्होंने साफ–सफाई और प्लांट के नियमित संचालन के निर्देश दिए।

इसके बाद कलेक्टर शारदा टेकरी पहुंचीं, जहां लगभग 90 लाख रुपये से हॉल एवं सीढ़ी निर्माण का कार्य चल रहा है। निरीक्षण के दौरान निर्माण गुणवत्ता संतोषजनक न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। सब इंजीनियर द्वारा DPR प्रस्तुत न करने पर कलेक्टर ने निर्माण कार्य तत्काल बंद करने के निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान यहां भारी भीड़ रहती है, इसलिए श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मार्ग निर्माण हेतु नगर परिषद CMO को जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करना होगा।

कलेक्टर ने औरई बाईपास के बेगा–बैगनिया चौराहे पर निर्माणाधीन पानी टंकी का भी निरीक्षण किया। पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर देते हुए उन्होंने ठेकेदार को तीन माह में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर के लिए नए बस स्टैंड हेतु उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के लिए एसडीओ डिंडौरी को भी निर्देशित किया।

अमृत योजना के तहत झुरकी टोला बिरसा मुडां में पानी टंकी, वाटर वांडी तालाब सौंदर्यीकरण, पुस्तकालय, रानी अवंती बाई चौक, नर्मदा नदी घाट पुल के पास डेम घाट, सार्वजनिक शौचालय सहित कई कार्यों का भी उन्होंने निरीक्षण किया। नर्मदा डेम घाट पर एमपीटीसी द्वारा किए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए उन्होंने नगर परिषद CMO को पर्यटन विभाग जबलपुर से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने गायत्री मंदिर–शंकर घाट के पास गीता भवन निर्माण एवं नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए चौपाटी विकसित करने के निर्देश भी दिए।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *