डिंडौरी। जिले के शहपुरा क्षेत्र में प्रशासनिक अमले ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अवैध स्टोन क्रेशर इकाइयों को सील कर दिया। यह संयुक्त कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) शहपुरा के निर्देशन में माइनिंग अधिकारी, तहसीलदार शहपुरा, राजस्व निरीक्षक तथा गठित राजस्व दल द्वारा की गई। जांच के दौरान रेखा गोस्वामी और रवि गोस्वामी द्वारा संचालित दोनों क्रेशर इकाइयाँ बिना वैध अनुमति और दस्तावेजों के संचालनरत पाई गईं। टीम ने मौके पर अवैध उत्खनन और खनिज के अवैध परिवहन की पुष्टि भी की।

विभागीय दल ने तत्काल प्रभाव से दोनों क्रेशर यूनिटों को सील कर कार्रवाई की। साथ ही, समस्त दस्तावेज और साक्ष्य एकत्रित कर प्रकरण को खनिज शाखा के पास अग्रिम कार्यवाही के लिए भेजा गया है। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन और बिना अनुमति संचालित क्रेशर इकाइयों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। किसी भी स्थिति में अवैध गतिविधियों को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।





