डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर मंगलवार को बजाग नगर में राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने मेडिकल दुकानों का सघन निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान कई दुकानों की जांच की गई, जिसमें एक दुकान का दवा विक्रय लाइसेंस समाप्त पाया गया।
निरीक्षण दल में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बजाग रामबाबू देवांगन, तहसीलदार भरत सिंह वाटे, बीएमओ डॉ. विपिन राजपूत, फार्मासिस्ट रवि राठिया, बीपीएम लल्ला यादव, राजस्व निरीक्षक बलिराम साहू और हल्का पटवारी नर्मदा मुरली शामिल थे।
टीम ने साईं मेडिकल स्टोर, श्री साईं मेडिकल स्टोर, सेजल मेडिकल स्टोर, मोनी बाबा मेडिकल स्टोर, लक्ष्य मेडिकल स्टोर एवं आर्या मेडिकल स्टोर की लाइसेंस और दवा भंडारण व्यवस्था की जांच की। जांच के दौरान किसी भी दुकान में प्रतिबंधित दवाइयां नहीं मिलीं, किंतु साईं मेडिकल स्टोर के संचालक रूपेश साहू का लाइसेंस 30 जुलाई को समाप्त पाया गया।
इस पर टीम ने दुकान में रखी दवाइयों की सूची तैयार कर सभी दवाइयों को जप्त करते हुए उन्हें बीएमओ बजाग के सुपुर्द किया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी मेडिकल संचालक समय पर अपने लाइसेंस का नवीनीकरण कराएं और दवा विक्रय से संबंधित सभी नियमों का कड़ाई से पालन करें।





