डिंडौरी। जिले में नशा मुक्ति अभियान के तहत 7 दिवसीय नशा मुक्ति जन-जागरूकता रथ का शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर से जिला पंचायत अध्यक्ष रूदेश परस्ते, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह एवं उपसंचालक सामाजिक न्याय श्याम सिंगौर ने हरी झंडी दिखाकर जन-जागरूकता रथ को रवाना किया।
यह जन-जागरूकता रथ जिले के सभी विकासखंडों, हाट-बाजारों तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों का भ्रमण करेगा। अभियान के दौरान पंपलेट, बैनर, पोस्टर एवं अन्य प्रचार सामग्री के माध्यम से आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी और नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने नशे को एक गंभीर सामाजिक बुराई बताया और युवाओं सहित आम नागरिकों से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति अभियान जनसहभागिता से ही सफल हो सकता है और यह जन-जागरूकता रथ जिले में व्यापक चेतना फैलाने का सशक्त माध्यम बनेगा।




