डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत जिले में जिला एक्शन प्लान एवं विजन 2030 तैयार करने हेतु कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। यह बैठक म.प्र. शासन के मुख्य सचिव अनुराग जैन के निर्देशानुसार आयोजित की गई।
इस अभियान के तहत जिले के 687 ग्रामों का विलेज एक्शन प्लान “सेवा पर्व” के दौरान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक तैयार किया गया। इन ग्रामों के नोडल अधिकारी एवं ग्राम सचिवों द्वारा तैयार किए गए सभी प्लान को भारत सरकार के आदि प्रसारण पोर्टल पर अपलोड किया गया है।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी चिन्हांकित ग्रामों में स्थापित आदि सेवा केंद्रों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। इन सेवा केंद्रों पर सप्ताह में एक दिन सभी विभागों के ग्राम स्तरीय कर्मचारी संयुक्त रूप से उपस्थित रहकर शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को उपलब्ध कराएँगे।
बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों ने आदि कर्मयोगी अभियान के लक्ष्यों के अनुरूप “विजन 2030” तक की कार्ययोजना (एक्शन प्लान) प्रस्तुत की। इस एक्शन प्लान को नोडल विभाग जनजातीय कार्य विभाग के माध्यम से मध्यप्रदेश शासन को प्रेषित किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि यह अभियान न केवल प्रशासनिक समन्वय को सुदृढ़ करेगा, बल्कि ग्राम स्तर पर शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।





